Kanwar Yatra 2025 : सावन के साथ ही कांवड़ यात्रा शुक्रवार से शुरू हो रही हैं। कांवड़ियों की सुविधा के लिए एनसीआरटीसी (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम) ने नमो भारत ट्रेन के फेरे बढ़ा दिए हैं। 15 मिनट की बजाय आज से हर 10 मिनट पर ट्रेन यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। सावन के महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार से कांवड़ लाने के लिए यात्रा करते हैं। दिल्ली-मेरठ और आसपास से बड़े स्तर पर श्रद्धालु कांवड़ लाते हैं। न्यू अशोक नगर और मेरठ साउथ के बीच संचालित नमो भारत ट्रेन के फेरे बढ़ने से दिल्ली और गाजियाबाद के शिवभक्तों को सबसे ज्यादा फायदा होगा।
एनसीआरटीसी के सीपीआरओ पुनीत वत्स ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान नमो भारत ट्रेन 15 मिनट की बजाय 10 मिनट के अंतराल पर चलेगी। यह सुविधा सुबह आठ से सुबह 11 बजे तक और शाम को पांच बजे से रात आठ बजे के तक यात्रियों को मिलेगी। यह सेमी हाई स्पीड ट्रेन फिलहाल 11 स्टेशनों के बीच 55 किलोमीटर के सेक्शन पर दौड़ रही है। कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली से लेकर हरिद्वार तक सड़कों पर वाहनों का दबाव भी काफी बढ़ जाता है। भारी वाहनों और बसों का मेरठ में प्रवेश भी कुछ समय के लिए बंद कर दिया जाता है। ऐसे में नमो भारत के फेरे बढ़ाने से मेरठ और आसपास के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
1.25 करोड़ यात्री कर चुके हैं सफर
नमो भारत ट्रेन का संचालन 20 अक्तूबर 2023 को साहिबाबाद स्टेशन से शुरू हुआ था। मौजूदा समय में 55 किलोमीटर ट्रैक पर ट्रेन का संचालन हो रहा है। एनसीआरटीसी के सीपीआरओ पुनीत वत्स ने बताया कि अब तक सवा करोड़ यात्री ट्रेन में सफर कर चुके हैं। सावन के महीने में कांवड़ियों की सुविधा के लिए ट्रेनों के फेरे शुक्रवार से बढ़ा दिए गए हैं।