झारखंड की सीता सोरेन भाजपा में शामिल हुईं

नयी दिल्ली। झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो )की विधायक सीता सोरेन ने अपनी पार्टी एवं विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद आज यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया।
रांची से यहां पहुंची श्रीमती सोरेन ने भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय में भाजपा के महासचिव विनोद तावड़े, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं झारखंड के प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी के हाथों भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर श्री तावड़े ने कहा कि श्रीमती सोरेन के आने से झारखंड एवं आसपास के इलाकों में दिखेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासियों के हित के काम और तेजी से एवं प्रभावी ढंग से क्रियान्वित होंगे और उनका योगदान भी होगा।
श्री बाजपेयी ने कहा कि झामुमो में रहते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करने एवं दिल्ली तक आवाज उठाने का काम श्रीमती सोरेन ने किया है।
श्रीमती सोरेन ने कहा कि आज हम झामुमो के महापरिवार को छोड़ कर के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विशाल परिवार में शामिल हो रहे हैं। जिस तरह से नरेन्द्र मोदी का सोच पूरे भारत पूरे विश्व में जो हम सब को देखने काे मिल रहा है। आये दिन विकास का कार्य हो रहा है। सभी टीम भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह सभी मिल कर इस काम में लगे हैं कि भारत का विकास कैसे हो। इसी दृष्टिकोण के साथ हम चुनाव में आये हैं। पूरे देश में लोग भाजपा में मोदी परिवार में विश्वास रखते हुए इस परिवार से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा, “मैं 14 साल झामुमो में रही। मेरे ससुर एवं पति के नेतृत्व में झारखंड अलग राज्य बना। उन्होंने झारखंड को विकसित बनाने की कोशिश की। लेकिन उनका सपना अधूरा रह गया। कहीं ना कहीं इतनेे साल बीतने के बावजूद ऐसा नहीं हो सका। आज तक झारखंड उपेक्षित है। देश का 40 प्रतिशत खनिज मिलता है। लेकिन रोज़गार के लिए लोग पलायन कर रहे हैं। यह चिंता का विषय है। झारखंड विकास से कोसों से दूर है। ऐसे में हमें झारखंड को बचाने और झारखंड के वासियों को न्याय दिलाने के लिए मैं मोदी के परिवार में शामिल हुई हूं। इससे मैं बहुत खुश एवं गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। झारखंड की सभी 14 सीटों में कमल खिलेगा।”
झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता शिबू सोरेन की पुत्रवधू श्रीमती सोरेन ने आज विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो को अपना त्यागपत्र भेज दिया जबकि पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा का पत्र पार्टी सुप्रीमो एवं अपने श्वसुर श्री शिबू सोरेन को भेजा।

 

Show More

Related Articles

Back to top button